कालागढ़ के रामलीला मैदान में पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कालागढ़ में रामगंगा बांध परियोजना की केंद्रीय कालोनी और नई कालोनी में बेदखली व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस बल कालागढ़ पहुंचना शुरू हो गया है। इस बार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में अधिकारियों के सरकारी आवास और भवन भी निशाने पर हैं।
रामगंगा बांध परियोजना की सरकारी कालोनियों की भूमि को कार्बेट टाइगर रिजर्व को सौंपे जाने के एनजीटी के आदेशों के पालन के लिए भारी पुलिस बल कालागढ़ पहुंचना शुरू हो गया है। थानाध्यक्ष विजय सिंह के अनुसार पीएसी, आईआरबी, पुलिस के जवान व फायर सर्विस कालागढ़ पहुंच गई है। अधिकारियों के भी देर सांय तक कालागढ़ पहुंचने की संभावना है। उधर, रामगंगा बांध परियोजना के अधिकारियों ने भी कालागढ़-कोटद्वार-रामनगर मार्ग के उत्तरी क्षेत्र में राजकीय आवासों को भी खाली करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय कालोनी के आवास व रामगंगा मार्केट, अभियंता अकादमी के हास्टल नंबर तीन व चार के अलावा अनेक सरकारी भवन ध्वस्तीकरण के निशाने पर हैं। एसडीएम आरके तिवारी का कहना है कि एनजीटी के आदेशों का पालन किया जा रहा है। यहां की भूमि को कार्बेट टाइगर रिजर्व को सौंपा जा रहा है। इसके अलावा हाईकोर्ट के नए आदेशों का भी पालन किया जा रहा है। सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाने को पुलिस बल कालागढ़ भेजा गया है। 25 जून तक अधिकारी व जेसीबी कालागढ़ पहुंच जाएगी।