नामांकन के लिए पुलिस फोर्स ने बनाया त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
बिजनौर। विधानसभा चुनाव के नामांकन के लिए कलक्ट्रेट छावनी में तब्दील रही। मजबूत सुरक्षा इंतजामों को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कलक्ट्रेट की तरफ आवाजाही पर पाबंदी लगा दी। वहीं, एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस अफसरों को दिशा निर्देश जारी किए।
शुक्रवार को दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हुई। अबकी बार कोविड प्रोटोकॉल को लेकर नामांकन प्रक्रिया में थोड़ा बदलाव किया गया है, जिसमें सर्फ दो लोग ही कलक्ट्रेट के अंदर दाखिल हो सकते हैं। जिसके लिए पुलिस फोर्स ने कलक्ट्रेट को छावनी में तब्दील कर दिया।
सुबह 11 बजे एडीजी बरेली जोन राजकुमार कलक्ट्रेट पहुंच गए। जिन्होंने कलक्ट्रेट के रास्तों पर की गई बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह और एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह भी उनके साथ रहे। एडीजी ने नामांकन ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। इस दौरान पुलिस फोर्स ने त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया हुआ था। तीन एडिशनल एसपी, चार सीओ, 19 निरीक्षकों समेत करीब 350 पुलिसकर्मी और पीएसी की एक कंपनी तैनात रही।