पैजनियां। हल्दौर थाने के गांव खासपुरा में पुलिस के जूते पहनकर गुरुद्वारे में घुसने पर सिखों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। एसपी देहात और एडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
शनिवार को नूरपुर ब्लॉक के गांव खासपुरा में लोगों की शिकायत पर पर्ची बांट रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने उठा लिया। इससे आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा तो कुछ लोग गुरुद्वारे में जाकर छिप गए।
पुलिसकर्मी उन्हें ढूंढने के लिए जूते पहने ही गुरुद्वारे में चली गई। जिससे सिखों में रोष फैल गया। आरोप है कि पुलिस जूते पहनकर दरबार साहिब में घुसी थी। इससे भड़के सिख समाज के लोगों ने भी पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव से पुलिस की एक गाड़ी का शीशा टूट गया।
पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से वहां से भागकर जान बचाई। थाना हल्दौर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह व दरोगा अरविंद सिंह को वहां से हटना पड़ा। दरोगा भूपेंद्र सिंह और दिनेश कुमार, कांस्टेबिल रजनीश व होमगार्ड बिजेंद्र सिंह को पत्थर लगे।
सूचना पर एसपी देहात डॉ. धर्मवीर सिंह और एडीएम वित्त एवं राजस्व रमेशचंद्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। पूरे गांव में फ्लैग मार्च कर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पपसरा में हंगामा
नहटौर। ब्लॉक आंकू नहटौर की ग्राम पंचायत पपसरा में स्थित मतदान केंद्र पर करीब 30 महिलाएं वोट डालने आई थीं। गांव की महिलाएं नहीं होने पर प्रत्याशियों एजेंट को शक हुआ। महिलाएं आईडी के रूप में बैंक की पासबुक लाई थीं।
सभी पास बुक बिजनौर के सिंडीकेट बैंक से बनी हुई थी। पता चला कि पासबुक पांच दिसंबर को ही जारी की गई हैं। पासबुक में बैंलेस भी नहीं था। पूछताछ के बाद महिलाऐं डर गईं। शुरू में सात ही महिलाएं लाइन में वोट डालने के लिए लगी हुई थी, पोल खुलने पर सभी भाग गईं।
बैंक की आठ पासबुक मौके पर ही गिर र्गइं। करीब 20 महिलाएं वोट डालने के लिए मतदान केंद्र के पास खड़ी हुई थी। वह भी मौके से फरार हो गई। ग्रामीणों ने फर्जी मतदान को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया।
खजूरी गांव में पथराव
नूरपुर। गांव खजूरी में फर्जी वोट डालने को लेकर दो एजेंटों के बीच हुई कहासुनी के बाद जमकर पथराव हुआ। सिर में पत्थर लगने से ड्यूटी पर तैनात एक चौकीदार घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और अर्द्घ सैनिक बलों ने लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को खदेड़ा। पुलिस ने एक प्रत्याशी के पति समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। एडीएम, एसपी सिटी ने मौके पर पहुुंच कर मामले की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के दौरान कई गांवों में तनातनी का माहौल रहा। गांव खजूरी के प्राथमिक स्कूल में बने बूथ पर प्रधान पद की प्रत्याशी पंकज देवी के पति वीरेंद्र यादव और दूसरी प्रत्याशी गुड्डी के का देवर निरंकार एजेंट के रूप में मौजूद थे।
दोपहर करीब 11 बजे मतदान करने आए एक मतदाता के पहचान पत्र को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों के सर्मथक आमने -सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। पथराव के दौरान ड्यूटी पर तैनात चौकीदार गांव जलालपुर काजी निवासी संदीप सिर में पत्थर लगने से घायल हो गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष प्रदीप यादव पुलिस फोर्स और अर्ध सैनिक बलों के साथ गांव पहुंचे और लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को वहां से खदेड़ा। पुलिस ने वीरेंद्र यादव, निरंकार, सोनू, जबर सिंह को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
सूचना पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन राममूर्ति मिश्रा और पुलिस अधीक्षक कल्पना सक्सेना ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और थाना पुलिस से मामले की जानकारी ली। उन्होंने थाना पुलिस को उपद्रवियों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
घायल चौकीदार को पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे कुछ देर बाद छुट्टी दे दी गई।