संक्रमित पत्नी से मिलने आए पति को पुलिस ने पीटा
बिजनौर। ग्राम स्वाहेड़ी स्थित कोविड केयर सेंटर में कोरोना संक्रमित पत्नी से मिलने आए एक युवक को सेंटर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पीटा। पुलिसकर्मियों के रवैये से नाराज अन्य मरीजों ने रात्रि भोजन का बहिष्कार कर आरोपी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। डीएम ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए कार्यवाहक सीएमओ से इस महिला को नियमानुसार होम आइसोलेट करने अथवा उसके लिए अलग से कमरे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
नूरपुर थाने के एक गांव निवासी एक महिला के कोरोना पॉजिटिव आने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे दो सितंबर को ग्राम स्वाहेड़ी स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया था। महिला का वहीं पर उपचार चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुुसार रविवार की रात महिला का पति सुरेंद्र कुमार उससे मिलने के लिए आ गया। इससे वहां पर तैनात पुलिसकर्मी नाराज हो गए और उसे पीटना शुरु कर दिया। इसके विरोध में कोविड केयर सेंटर में भर्ती अन्य मरीजों ने खाना पीना छोड़ दिया और पुलिसकर्मियों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बाद में बामुश्किल अन्य मरीजों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया नगया। इसके साथ ही पीड़ित युवक ने वीडियो वायरल कर पुलिसकर्मियों पर उसे बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया। इस महिला मरीज का कहना है कि उसका पति उसकी पांच माह की बच्ची को उसके सुपुर्द करनरे और कुछ जरूरी सामान देने ही कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी आया था। वह अपने कक्ष में ही थी और खिड़की से उससे लगभग चार गज की दूरी से बात कर रही थी। आरोप है कि इसी बीच कोविड सेंटर में तैनात पुलिसकर्मी वहां पर आए और उसे पीटना शुरु कर दिया। पीड़ित युवक के अनुसार वह पुलिस वालों से बार -बार निवेदन करता रहा, लेकिन पुलिस वालों ने उसकी एक न सुनी और डंडों से जमकर पिटाई की।
युवक ने वीडियो जारी कर बताया कि पुलिसकर्मियों ने उसी पर कोविड सेंटर में चोरी इल्जाम लगाकर खूब पिटाई की। बामुश्किल किसी तरह से वह अपनी जान बचाकर वहां से आया। कार्यवाहक सीएमओ एसके निगम ने बताया कि इस महिला की पांच महीने की बच्ची को लेकर आए थे। महिला को कोरोना होने के कारण उसे महिला का दूध पिलाने की अनुमति नहीं दी गई। शायद इसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों और युवकों के बीच गहमागहमी हुई। फिलहाल दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्र के मुताबिक ये मामला उनकी जानकारी में नहीं हैं। वे इसका पता कराएंगे।