बिजनौर में जिला मुख्यालय पर बुधवार को बैंकों और एटीएम दोनों पर ही हालात सामान्य दिखाई दिए। चंदक में पीएनबी की ब्रांच में कैश नहीं होने के कारण ताला लटका रहा। बैंक कर्मचारियों ने बैंक ही नहीं खोला।
बैंकों के बाद बुधवार को एटीएम पर भी भीड़ कम दिखाई दी। एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की एटीएम में कैश रखा गया। चंदक में पीएनबी में दो दिन से कैश नहीं था। बुधवार को भी कैश न मिलता देख कर्मचारियों ने बैंक ही नहीं खोला। पूरा दिन ब्रांच में ताला लटका रहा। दोपहर के समय ग्राहकों ने बैंक के बाहर जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर उनके गुस्से को शांत किया। मंडावर में एसबीआई और गजरौलाशिव में पीएनबी में पूरा दिन कैश नहीं मिला। हालांकि गजरौलाशिव में पीएनबी की एटीएम में कैश रखा गया। उपभोक्ताओं ने यहां से कैश लिया। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अजय कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार को पीएनबी को आरबीआई से कैश मिलेगा। सभी ब्रांच में कैश बंटवाया जाएगा।