बिजनौर। हल्दौर ब्लॉक के परिषदीय पीएम श्री कंपोजिट स्कूल नवादा तुला में छात्र को कक्षा में बंद किए जाने के मामले में बीएसए सचिन कसाना ने प्रभारी अध्यापिका वंदना सैनी, सहायक अध्यापिका काजल शर्मा और सिब्तेन सैय्यदा की वर्ष 2026-27 की स्थायी वेतन वृद्धि रोक दी है। साथ ही शिक्षामित्र रितु, मीरा का एक दिन का मानदेेय बाधित किया है।
बीती शुक्रवार को पीएम श्री कम्पोजिट स्कूल नवादा में कक्षा पांच का छात्र वंश स्कूल में बंद हो गया था। प्रशिक्षु आईएएस, बीडीओ हल्दौर कुणाल रस्तौगी निरीक्षण को स्कूल परिसर में पहुंचे तो उन्होंने बच्चे के चिल्लाने, रोने की आवाज सुनी। उन्होंने स्कूल में बंद छात्र को बाहर निकलवाया था। डीएम ने मामले में जांच बैठाई। खंड शिक्षा अधिकारी ने छुट्टी के बाद छात्र स्कूल में बंद होने की जांच कर बीएसए को रिपोर्ट सौंपी। बीएसए ने भी स्टाफ को कार्यालय में बुलाकर स्पष्टीकरण लिया था। बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर बड़ी लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की गई है।