शिवाजी पार्क में सेहत सुधारेंगे लोग, ओपन जिम तैयार
धामपुर। धामपुर नगर पालिका ने लोगों की सेहत ठीक रखने के लिए शिवाजी पार्क में ओपन जिम की स्थापना की है। करीब एक दर्जन से अधिक मशीनें स्थापित की गई हैं। अभी ओपन जिम का विधिवत तरीके से उद्घाटन का इंतजार है। लोगों ने मशीनों से व्यायाम करना शुरू कर दिया है।
नागरिक दिनेश कुमार, जावेद रहमान शम्सी, विकास कुमार, महेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, गोविंद का कहना है कि धामपुर में अभी तक कहीं भी ओपन जिम नहीं था। नगर में आधा दर्जन स्थानों पर प्राइवेट जिम चल रहे हैं। लेकिन शुल्क अधिक होने के कारण चाह कर भी अधिकांश नहीं जा पाते। नगर पालिका परिषद द्वारा नगर वासियों की सेहत को बनाए रखने के लिए मॉर्निंग वॉक के साथ-साथ पालिका के शिवाजी पार्क में करीब तीन लाख की लागत से ओपन जिम की स्थापना की गई है। इसमें विभिन्न प्रकार की करीब एक दर्जन से अधिक मशीनें लगी हैं।
पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता का कहना है कि यह प्रोजेक्ट काफी दिन से चल रहा था। जिसे अब साकार किया गया है। लोगों को अपनी सेहत बनाने के बनाने के लिए यहां कोई उपयुक्त प्लेटफार्म नहीं मिल पा रहा था। जिसे नगरपालिका ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम की स्थापना की है । लगभग तीन लाख की लागत से यह ओपन जिम तैयार हो रहा है। व्यायाम करने के लिए 13 मशीनें लगाई गई हैं। हालांकि अभी जिम विधिवत तौर पर चालू नहीं हुआ है। लेकिन लोगों ने मशीनों से व्यायाम कर सेहत बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। पालिका अध्यक्ष का कहना है कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं के लिए और भी कई प्रोजेक्ट प्रस्तावित है। जिनके चालू हो जाने पर लोगों को भारी लाभ मिलेगा।