हल्दौर। गांव अम्हेड़ा से हल्दौर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। इससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग की बदहाली के कारण स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और व्यापारियों को रोजमर्रा के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग कई वर्षों से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की कोई ठोस पहल नहीं की गई। इस मार्ग से तीन स्कूल, एक गैस एजेंसी और ईंट भट्ठे जुड़े हुए हैं, जिससे इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। खराब सड़क के कारण बरसात के दिनों में में कीचड़ और गड्ढों से हालात और बिगड़ जाते हैं।
जीएसएन एकेडमी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रघुराज सिंह नागर ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मोहल्ला रईसान निवासी एवं प्रवक्ता विकास पंकज का कहना है कि परीक्षा के दिनों में भी छात्रों को इस खराब मार्ग से गुजरना पड़ता है, जिससे मानसिक और शारीरिक परेशानी बढ़ जाती है।
स्टेशनरी व्यापारी हृदेश चौहान ने बताया कि सड़क खराब होने से न केवल बच्चों बल्कि गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने आने वाले ग्रामीणों को भी परेशानी होती है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले समय में समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है।