चांदपुर में बेरिकेटिंग पर तैनात पुलिस कर्मी।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। चांदपुर के कोरोना संक्रमित तीन मरीज मिलने के बाद से लोगों को दवाइयों के लिए भटकना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने चांदपुर को सील करा रखा है। डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि चांदपुर के जरूरतमंद प्रशासन को संपर्क करें। उन्हें घर पर ही दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी डा. अभय अग्रवाल (60) की कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उनकी पत्नी, पुत्र और एक अन्य युवक भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया था। लोगों का कहना है कि लोगों को दवाइयां तक मयस्सर नहीं हैं। सीएमओ विजय कुमार यादव ने बताया कि चांदपुर और आसपास के क्षेत्र के सभी सरकारी अस्पतालों में हर प्रकार की दवाइयां मौजूद हैं। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी 24 घंटे खुली हैं। चांदपुर के मेडिकल स्टोर खुलवाने का मामला एसडीएम चांदपुर अथवा डीएम के अधिकार क्षेत्र में है। बताया कि टेलीमेडिसिन की व्यवस्था के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम की व्यवस्था कराई गई है।
जिला औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा का कहना है कि एक माह पूर्व ही जिले भर के मेडिकल स्टोर के मोबाइल नंबर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराए जा चुके हैं। यदि किसी को भी दवाइयों की आवश्यकता है, तो वे संबंधित फोन नंबरों पर फोन कर दवाई मंगवा सकते हैं। संबंधित पते पर होम डिलीवरी की जाएगी। दो दिन पूर्व ही किडनी ट्रासंप्लांट और अन्य बीमारी से संबंधित दवाई की होम डिलीवरी कराई गई है।