नजीबाबाद। गजरौला-नजीबाबाद पैसेंजर ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आने से करीब ट्रेन घंटे मुअज्जमपुर नारायण रेलवे जंक्शन पर खड़ी रही। नजीबाबाद में नॉन-स्टॉप मालगाड़ी को रोककर उसके इंजन से पैसेंजर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नजीबाबाद से गजरौला के लिए पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई। फजलपुर रेलवे स्टेशन के बाद मुअज्जमपुर नारायण रेलवे जंक्शन पहुंचकर अचानक पैसेंजर ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। ट्रेन चालक ने इंजन फेल होने की सूचना नजीबाबाद स्टेशन पर दी। ट्रेन के गंतव्य के लिए रवाना न होने से जानकारी करने पर यात्रियों को ट्रेन का इंजन खराब होने का पता चला। ट्रेन चालक और स्टेशन मास्टर ने नजीबाबाद से दूसरा इंजन आने की बात कहकर हंगामा कर रहे यात्रियों को शांत किया।
उधर, नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त इंजन उपलब्ध न होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति से मुरादाबाद कंट्रोल को अवगत कराया गया। मुरादाबाद दिशा से कोयला लेकर अप दिशा में जा रही नॉन-स्टॉप मालगाड़ी नजीबाबाद पहुंचने की सूचना मिली। मालगाड़ी को नजीबाबाद में रोककर उसका इंजन लगा कर ट्रेन मुअज्जमपुर नारायण रवाना किया गया। तीन घंटे तक ट्रेन खड़ी रही।