धामपुर। शहीद एक्सप्रेस (14674) के स्लीपर कोच में लगी आग के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कुशीनगर निवासी आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को आरोपी का चालान कर मुरादाबाद न्यायालय में पेश किया गया।
शुक्रवार की रात करीब 11.15 बजे अमृतसर से चलकर जयनगर जा रही शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में नगीना रेलवे स्टेशन के पास धुआं उठने के बाद रेलवे प्रशासन और यात्रियों में अफरातफरी मच गई थी। समय रहते आग पर काबू पाने के चलते बड़ा हादसा बच गया। आरपीएफ की जांच पड़ताल में ट्रेन के कोच संख्या एस 6 में एक यात्री के बैग में रखे गंधक-पोटाश के मिश्रण में घर्षण होने के कारण आग लगने की बात सामने आई थी। आरपीएफ ने ट्रेन में सवार बैग स्वामी कुशीनगर निवासी दीपक कुमार के विरुद्ध आरपीएफ मुरादाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि आरोपी गंधक-पोटाश का मिश्रण ले जा रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ। आरपीएफ ने आरोपी दीपक कुमार निवासी पीपरा जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया। ट्रेन में जांच के दौरान गंधक-पोटाश की पुड़िया और उसे छुड़ाने वाली नाल बरामद की गई थी। आरपीएफ धामपुर चौकी के इंचार्ज चेतन कुमार ने बताया कि रविवार को आरोपी का चालान कर दिया गया है।