लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के समय में आंशिक परिवर्तन
नजीबाबाद। लखनऊ से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का रेलवे ने समय में आंशिक परिवर्तन किया है।
लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन 02231 अप पूर्व निर्धारित समय से पूर्व पहुंचेगी। मुरादाबाद दिशा से आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का धामपुर पहुंचने का समय सुबह 4.58 बजे से 4.56 बजे किया गया है। नगीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन सुबह 5.16 बजे के स्थान पर 5.14 बजे और नजीबाबाद स्टेशन पर ट्रेन सुबह 5.41 बजे के स्थान पर 5.36 बजे पहुंचेगी। सभी स्टेशनों पर दो मिनट ठहराव के बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना होगी।
उधर चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली 02232 डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस नजीबाबाद स्टेशन पर रात्रि 1.05 बजे के स्थान पर 1.01 बजे पहुंचेगी। नगीना में ट्रेन पहुंचने का परिवर्तित समय रात्रि 1.23 बजे और धामपुर में ट्रेन पहुंचने का परिवर्तित समय पूर्व समय से तीन मिनट पूर्व रात्रि 1.41 बजे हो गया है।
सीएमआई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली मसूरी एक्सप्रेस का नजीबाबाद पहुंचने के समय में भी आंशिक परिर्वतन हुआ है। 04041 मसूरी एक्सप्रेस सुबह 4.10 बजे के स्थान पर 4.15 बजे नजीबाबाद स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन का नजीबाबाद से लक्सर दिशा में रवाना होने का समय 4.45 बजे के स्थान पर 4.50 बजे कर दिया गया है।