बिजनौर। शहर के बच्चों में एक अजीब आदत देखने को मिल रही है। वह घर की दीवारों से सीमेंट खा रहे हैं। हर सप्ताह मेडिकल अस्पताल बिजनौर में करीब 10 बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सक इसे कैल्शियम की कमी के कारण होने वाला पिका सिंड्रोम मान रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में बच्चे अक्सर मिट्टी खाते हैं, लेकिन शहरों में मिट्टी न होने के कारण बच्चे दीवारों का सीमेंट खाने लगे हैं। इससे न केवल शरीर में विषैले तत्व जा रहे हैं, बल्कि पेट और आंतों में इंफेक्शन, उल्टी-दस्त और पाचन संबंधी दिक्कतें भी सामने आ रही हैं।
मेडिकल अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार का कहना है कि बच्चों में कैल्शियम, आयरन व विटामिन डी की कमी होने पर बच्चे ऐसा करते हैं। इस समस्या को पिका सिंड्रोम कहा जाता है। यह मानसिक या पोषण संबंधी विकार का संकेत भी हो सकता है।