पंचायतीराज में ग्राम स्वराज की मूल भावना निहित
बिजनौर। जिले की ग्राम पंचायतों में हजारों त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंचायतीराज दिवस के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री ने केंद्र की ग्राम स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया। योजना में ग्रामपंचायत की संपत्तियों की मानिटिरिंग की व्यवस्था है।
विकास भवन सभागार में डीएम रमाकांत पांडेय तथा सीडीओ केपी सिंह समेत आला अधिकारी प्रसारण के दौरान मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने संबोधन में कहा कि पंचायतीराज व्यवस्था में ग्राम स्वराज की मूल भावना निहित है। प्रधानमंत्री ने कोविड -19 को रोकने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों से बात की तथा देश द्वारा लाकडाउन में दिए जा रहे सहयोग को सराहा। ग्राम प्रधानों ने भी प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी बात खुलकर रखी। इस मौके पर केंद्र की ग्राम स्वामित्व योजना का शुभारंभ हुआ। योजना का क्रियान्वयन राज्य का राजस्व विभाग, पंचायतीराज विभाग तथा सर्वे आफ इंडिया संयुक्त रूप से करेंगे। वित्तीय वर्ष 2020-21 में योजना उत्तर प्रदेश समेत देश के आठ राज्य में लागू होगी। विकास भवन के सभागार में प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण को देखने की व्यवस्था थी। डीएम रमाकांत पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ, केपी सिंह, डीपीआएओ सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।
डीपीआरओ ने बताया कि जिले में 1128 ग्राम प्रधान, 1415 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 57 जिला पंचायत सदस्य तथा 14143 पंचायत सदस्य हैं। प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण को बड़ी संख्या में देखने की सूचना मिल रही हैं।