6612 पदों के लिए होगा पंचायत उपचुनाव
बिजनौर। जिले की पंचायतों में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के रिक्त पदों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी तेज हो गई है। उपचुनाव 6612 पद का होना है, जिसके लिए छह जून को नामांकन पत्र दाखिल होंगे। वोट 12 जून को पड़ेंगे। नवनिर्वाचित प्रधान दावेदारों की सूची फाइनल करने में लग गए हैं।
नजीबाबाद ब्लॉक में प्रधान का एक पद तथा कोतवाली ब्लॉक तथा अफजलगढ़ ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का एक-एक पद तथा 1004 पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त 6609 पद रिक्त हैं। पंचायतों में सदस्य पद खाली रहने से 669 नवनिर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले पाए हैं। इसका असर पंचायतों में कोरोना का फैलाव रोकने के लिए चल रहे कार्यक्रम तथा अन्य विकास कार्यों पर दिखाई पड़ रहा है। ग्राम पंचायत सदस्य के हल्दौर ब्लॉक में 595, कोतवाली ब्लॉक में 608, अफजलगढ़ ब्लॉक में 380, स्योहारा ब्लॉक में 550, नजीबाबाद ब्लॉक में 846, किरतपुर ब्लॉक में 513, जलीलपुर ब्लॉक में 587, नूरपुर ब्लॉक में 640, मौहम्मदपुर देवमल ब्लॉक में 671, नहटौर ब्लॉक में705 तथा धामपुर ब्लॉक में 514 पद खाली है। प्रशासन ने उपचुनाव की तैयारी तेज कर दी है।
नवनिर्वाचित प्रधानों ने दावेदार फाइनल करने शुरू किए
पंचायतों में दो-तिहाई सदस्यों के निर्वाचित नहीं होने से 669 नवनिर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले सके हैं। नवनिर्वाचित प्रधान उपचुनाव घोषित होने से खुश हैं। नवनिर्वाचित प्रधान ने उपचुनाव में रिक्त पदों पर पंचायत सदस्य के दावेदार फाइनल करने शुरू कर दिए हैं। पहली बार प्रधान बनने वाले अधिक उत्साहित हैं। दावेदारों ने नामांकन पत्र की बिक्री का पता लगाने के लिए ब्लॉकों में चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं।