जालबपुर गूदड़ में पंचायतघर निर्माण शुरू
नजीबाबाद। ग्राम स्वराज अभियान के तहत नजीबाबाद ब्लॉक में 39 नए पंचायत घर भवन निर्माण किए जाएंगे। ग्राम पंचायत जालबपुर गूदड़ सहित चार पंचायतों में पंचायत घर भवन निर्माण शुरू किया गया है।
एडीओ पंचायत ऋषि कुमार की देखरेख में नजीबाबाद ब्लॉक में ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत नए पंचायत घर भवन निर्माण शुरू किए गए हैं। ग्राम पंचायत जालबपुर गूदड़, मुस्तफापुर आशु, कमालपुर खाईखेड़ी, जुल्फकारपुर गढ़ी सहित आधा दर्जन पंचायतों में पंचायत घर भवन निर्माण का काम शुरू किया गया है। ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्राम पंचायत जालबपुर गूदड़ में 21.63 लाख रुपये की लागत से पंचायत घर का निर्माण शुरू हुआ है। प्रधान नंदिनी राजपूत एवं ग्राम पंचायत सचिव नीरज शर्मा की देखरेख में शुरू हुए पंचायत घर निर्माण में ग्राम पंचायत निधि से लगभग 18 लाख रुपये और शेष धनराशि मनरेगा से पंचायत घर निर्माण पर खर्च की जाएगी। करीब 35 से अधिक मनरेगा मजदूरों को काम पर लगाया जाएगा। ग्राम प्रधान नंदिनी राजपूत ने बताया कि ग्राम पंचायत के खुशहालपुर मड़का, आरबपुर खजूरी और जालबपुर में पहली बार ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत घर का निर्माण कराया जा रहा है। पंचायत घर में एक हॉल, तीन कमरे, शौचालय के साथ बिजली-पानी की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
चहेते ठेकेदारों को दिए जा रहे काम
नजीबाबाद की 119 ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय और 39 ग्राम पंचायतों में नए पंचायत घर भवन का निर्माण लाखों रुपये की धनराशि किया जा रहा है। प्रधान और पंचायत सचिव ने चहेते ठेकेदारों को निर्माण कार्य देने के लिए ऐसे अखबारों में पंचायत घर भवन और शौचालय निर्माण संबंधी सूचनाएं छपवाई हैं, जो आम लोगों की पहुंच से दूर हैं। एडीओ पंचायत ऋषि कुमार ने निर्माण संबंधी सूचना प्रकाशन के संबंध में जांच कराने की बात कही।