-जिले में 30 क्रय केंद्र किए गए हैं स्थापित
-जिले में 63000 मीट्रिक टन धान क्रय लक्ष्य निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में धान खरीद के लिए 30 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू हो जाएगी। मूल्य समर्थन योजना के तहत धान खरीद की जाएगी। इस बार जिले में 63000 मीट्रिक टन धान क्रय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि धान खरीद योजना एक अक्तूबर से शुरू होकर 31 जनवरी, 2025 तक चलेगी। धान खरीद का समर्थन मूल्य सामान्य 2300 रुपये क्विंटल एंव ग्रेड ए का 2320 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। क्रय केंद्र पर बेचे गए धान का भुगतान सीधे किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में पीएफएमएस के माध्यम से किया जाएगा।
क्रय केंद्रों पर किसान के स्वयं उपस्थित न होने पर किसान द्वारा पंजीकरण के समय परिवार के नामित सदस्य का विवरण एवं उनका आधार नंबर फीड कराना अनिवार्य है। बटाईदार कृषकों भी पंजीकरण कराकर धान की बिक्री कर सकेंगे। गीला, गंदा होने की स्थिति में धान को नहीं लिया जाएगा। कृषकों की सुविधा के लिए केंद्रों पर ऑफलाइन टोकन की व्यवस्था की जाएगी।
कृषक अधिकतम 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से श्रमिकों को भुगतान करेगें। जिसकी प्रतिपूर्ति उनके खाते में पीएफएमएस के माध्यम से की जाएगी। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण), डिपो प्रबंधक आदि मौजूद रहे।