नजीबाबाद। उच्च क्षमता की भूमिगत विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने से नगर के कई क्षेत्रों में रात भर विद्युत आपूर्ति ठप रही। विद्युत आपूर्ति ठप होने से पेयजल आपूर्ति और लघु उद्योग प्रभावित रहे।
टेलीफोन विभाग द्वारा भूमिगत विद्युत लाइन डालते समय डबल फाटक फ्लाईओवर के नीचे विद्युत विभाग की उच्च क्षमता की भूमिगत विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। शनिवार की शाम लगभग तीन बजे भूमिगत विद्युत लाइन की तकनीकी खराबी से मालगोदाम, कल्लूगंज, मुगलूशाह, मकबरा सहित कई क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप रही। काफी मशक्कत के बाद विद्युत विभाग को भूमिगत विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने की जानकारी मिली।
अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, एसडीओ विकास कुमार ने नगर की विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने के लिए तत्काल प्रभाव से डबल फाटक स्थित आरा मशीन से गढ़वाल होटल के सामने स्थित पोल तक उच्च क्षमता की ओवरहैड विद्युत लाइन डालकर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने का फैसला लिया। रात भर विद्युत आपूर्ति ठप रहने से नगर में पेयजल आपूर्ति, लघु उद्योग और जन-जीवन प्रभावित रहा। रविवार की दोपहर विद्युत विभाग ने गुरुद्वारा, मालगोदाम, लाहोटी मार्केट क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुचारु की। दोपहर बाद विद्युत विभाग ने मुगलूशाह, मकबरा तथा इससे जुड़े क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति उच्च क्षमता की केबल ओवरहैड डालकर सुचारु कराई।