बिजनौर में आउटसोर्स कार्मिकों के बढ़े पारिश्रमिक और उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की शुरुआत का सीधा प्रसारण किया गया। सरकार ने हर माह 5 तारीख तक वेतन, ईपीएफ-ईएसआई, आयुष्मान कार्ड और 20 से 50 लाख रुपये तक दुर्घटना बीमा की सुविधा की घोषणा की।
उत्तर प्रदेश सरकार ने आउटसोर्सिंग कार्मिकों के लिए पारिश्रमिक बढ़ाने के साथ नई सुविधाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा के साथ उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बिजनौर के कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में किया गया।
विज्ञापन
हर माह 5 तारीख तक मिलेगा वेतन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब आउटसोर्स कार्मिक अकेले नहीं होंगे। उनके लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम बनाया गया है। उन्होंने बताया कि हर माह की पांच तारीख तक आउटसोर्स कार्मिकों का वेतन मिल जाएगा।
ईपीएफ-ईएसआई की कटौती नियमित, आयुष्मान कार्ड की भी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि आउटसोर्स कार्मिकों के वेतन से ईपीएफ और ईएसआई का अंशदान नियमित रूप से काटा जाएगा। ईएसआई के तहत मिलने वाली सुविधा के माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों के लिए आयुष्मान कार्ड की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 3.50 लाख से अधिक आउटसोर्स कार्मिक कार्यरत हैं। सरकार श्रम का सम्मान करती है।
सर्विस चार्ज अब सरकार देगी
मुख्यमंत्री ने बताया कि आउटसोर्स एजेंसी के सर्विस चार्ज का भुगतान अब सरकार की ओर से किया जाएगा। यह राशि कार्मिकों के वेतन से नहीं काटी जाएगी।
कार्यक्रम में माैजूद अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बच्चों की पढ़ाई और इंश्योरेंस की भी व्यवस्था
सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू भी किया है। इसके माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों के बच्चों की पढ़ाई और इंश्योरेंस जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा आउटसोर्स कार्मिकों को 20 लाख से 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा दिए जाने की बात कही गई।
‘सुशासन की पहली शर्त संवेदनशीलता’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुशासन की पहली शर्त संवेदनशीलता होती है। उन्होंने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को जेल भेजा जाएगा और उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिचौलिया व्यवस्था को खत्म किया है।
‘आउटसोर्स कार्मिकों के जीवन में आएगा बदलाव’
बिजनौर में कार्यक्रम के दौरान विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम की शुरुआत, बढ़े हुए पारिश्रमिक और अन्य सुविधाओं से आउटसोर्स कार्मिकों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कार्मिकों का वेतन लगभग दोगुना हो जाएगा। उनके मुताबिक यह उत्तर प्रदेश के इतिहास में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर वर्ग को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में माैजूद अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर की निकायों में 3104 आउटसोर्स कर्मचारी
नगर पालिका परिषद बिजनौर की अध्यक्ष इंद्रा सिंह ने कहा कि यह गौरवशाली क्षण है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी नगर निकायों में 3104 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें अकेले नगर पालिका परिषद बिजनौर में 650 कर्मचारी हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में नगर पालिका परिषद बिजनौर को उत्तर प्रदेश में प्रथम और भारत में 29वां स्थान प्राप्त हुआ था। इसमें आउटसोर्स कार्मिकों का भी योगदान रहा।
डीएम ने आउटसोर्स कार्मिकों को दी बधाई
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने आउटसोर्स कार्मिकों को बढ़े हुए पारिश्रमिक और अन्य सुविधाओं के लिए बधाई दी।
लाभार्थियों को बांटे गए स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हित लाभ के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रशासक जिला पंचायत साकेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन समेत अन्य अधिकारी और विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कार्मिक मौजूद रहे।