संविदा पर नियुक्ति और निजीकरण का किया विरोध
बिजनौर। ऑल टीचर्स एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) उत्तर प्रदेश जनपद शाखा बिजनौर के जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में समूह ख और ग के पदों पर पांच वर्ष की संविदा नियुक्ति प्रक्रिया एवं निजीकरण के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया गया।
ज्ञापन में प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा मौलिक नियुक्ति के पूर्व पांच वर्ष तक संविदा पर सेवा कराने के उपरांत नियुक्ति देना एक गैर जिम्मेदाराना आदेश है। इससे केवल प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा, कर्मचारी शोषण की शिकार होगा और सरकारी नौकरी का रास्ता बंद होगा। इससे प्रदेश में बेरोजगारी कई गुना बढ़ेगी। अटेवा पुरजोर मांग करता है कि संविदा नियुक्ति व्यवस्था को लागू करने पर सरकार को पुनर्विचार कर कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व नियुक्ति प्रणाली को स्थापित रखना होगा। इस दौरान अवनीश कुमार, चिरंजीव सोहन, मिथिलेश वर्मा, अभिनव मौर्य, सुरेंद्र पाल, सुधीर कुमार, नीरज कुमार, मनोज यादव, विनोद यादव आदि मौजूद रहे।