फर्जी फर्म बनाकर लगा रहे करोड़ों का चूना
बिजनौर। जिले में सक्रिय गिरोह मृत व गरीब बेसहारा लोगों के नाम पर फर्जी फर्म रजिस्टर्ड कराकर सरकार को करोड़ों के राजस्व का चूना लगा रहा है। इन फर्मों के नाम पर अधिकारियों की मिलीभगत से लकड़ी से लदे वाहनों के साथ अन्य सामान के वाहन गैर राज्यों में जा रहे हैं। इनकी कोई जांच नहीं कर रहा। यह गैंग फर्जी फर्म की बदौलत करोड़ों के वारे न्यारे कर रहे हैं। डीएम ने शिकायत होने पर इस मामले की जांच एसडीएम को सौंपी है।
बिजनौर के मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी नासिर नूर खां ने डीएम रमाकांड पांडेय से शिकायत की है कि वह बिजनौर में रजिस्टर्ड फर्म से व्यापार करता है। जसपुर व रामपुर के कई व्यक्ति फर्जी फर्म बनाकर स्टॉक में हेराफेरी करके लकड़ी की तस्करी कर सरकार को करोड़ों रुपये के टैक्स का चूना लगा रहे हैं। नगीना, नूरपुर और अफजलगढ़ से अवैध लकड़ी के कारोबार का धंधा करते हैं। यूकेलिप्टस, शीशम, पापुलर, आम की लकड़ी बिजनौर से यमुनानगर हरियाणा फर्जी कागजों के आधार पर ट्रकों में भरकर ले जाते हैं। गिरोह ने मृत व्यक्तियों व गरीब, बेसहारा लोगों को लालच देकर उनके नाम से फर्जी फर्म रजिस्टर्ड करा रखी हैं। जसपुर-रामपुर व काशीपुर से स्टॉक दिखाकर फर्जी बिल काटते हैं। चोरी से रात के अंधेरे में ट्रक निकाले जाते हैं। जबकि न तो कोई स्टॉक व्यवस्थित होता है और न ही कोई बिल चढ़ता है।
हिमालय ट्रेडिंग जसपुर, सिद्दीकी टिंबर जसपुर, फैज टिंबर शेरकोट, विकास टिंबर धामपुर, रोशन एंटर प्राइजेज जसपुर व आरएस टिंबर जसपुर समेत कई नाम से फर्म गैंग ने चला रखी हैं। जबकि इन फर्मों को कोई नाम लेवा तक नहीं है। ये सभी फर्म अवैध हैं। डीएम से शिकायत में कहा गया कि गैंग ठेकेदारों से गाड़ी बनवाते हैं। ठेकेदार जगह-जगह से माल इकट्ठा करके गैंग से फर्जी कागज बनवाकर लकड़ी तस्करी का काम करते हैं। माल बिजनौर का होता है। पिछली फर्म का स्टाक दिखा देते हैं। जबकि कोई स्टाक नहीं होता है। गैंग फर्जी फर्म पर फर्जी कागज तैयार करके बिना किसी आईटीसी रिकार्ड के फर्जीवाड़ा करने में लगे हैं। इस मामले में जसपुर -रामपुर की फर्जी आईटीसी की जांच कराकर गैंग के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। गैंग लकड़ी की गाड़ी के अलावा अन्य माल की गाड़ी को भी गैर राज्य में जाने के लिए फर्जी कागज दे रहा है। डीएम ने एसडीएम बिजनौर विक्रमादित्य मलिक को इस फर्जीवाड़े की जांच कराकर गैंग के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।