निजी स्कूलों में ऑफलाइन परीक्षा का किया विरोध
बिजनौर। बिजनौर अभिभावक संघ ने निजी स्कूलों में ऑफलाइन परीक्षा कराने का विरोध किया है। इस संबंध में डीएम रमाकांत पांडेय को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा कि अभी तक कोरोना का खतरा खत्म नहीं हुआ है लेकिन निजी स्कूल ऑफलाइन परीक्षा करा रहे हैं। संक्रमण से बचाव के लिए अब तक न तो स्कूल स्टाफ को और न ही बच्चों को टीके लग पाए हैं। हर स्कूल में 75 प्रतिशत बच्चे ट्रांसपोर्ट से स्कूल जाते हैं, लेकिन आज केवल स्कूल परीक्षा के नाम पर कोई रिक्शा या स्कूल वैन आने को तैयार नहीं है। ट्रांसपोर्टर भी स्कूलों की तरह उनकी फीस जमा कराने की मांग करने लगे हैं।
परीक्षा के दौरान कोविड 19 के नियमों का पालन करना संभव नहीं है। कोरोना काल में काफी बच्चे ऑन लाइन पढ़ाई भी नहीं कर सके। उनकी पढ़ाई इस स्तर की नहीं हुई है कि वे ऑफलाइन परीक्षा दे सकें। केवल फीस वसूलने के लिए ही ऑफलाइन परीक्षा का फंडा अपनाया जा रहा है। डीएम से समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। इस दौरान नृपेंद्र देशवाल, अभिषेक वत्स, नीरज तिवारी, गुलशेर एडवोकेट, संदीप चौधरी, यादराम सिंह चंदेल, तौसीफ राणा, माधुरी तिवारी, मोनिका, अतीकुर्रहमान मौजूद रहे।