सीएचसी और पीएचसी पर बंद कर दी ओपीडी
बिजनौर। कोरोना महामारी के कारण शासन ने केवल जिला अस्पताल की ओपीडी सेवा ही बंद की है, जबकि प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी व्यवस्था बंद करने के निर्देश नहीं है। इसके बावजूद प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वर्तमान में ओपीडी चालू नहीं है, जिससे अन्य सामान्य बीमारी से पीड़ित मरीजों को उपचार नहीं मिल पा रहा है।
शासन ने जिला अस्पताल की ओपीडी बंद करने के निर्देश दिए हैं। इस कारण जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के मोबाइल नंबरों की सूची जारी कर टेली मेडिसिन के लिए निर्देशित कर रखा है, जबकि जिले के अन्य सरकारी अस्पतालों को सामान्य ओपीडी चलानी है। इसके बावजूद इन अस्पतालों में भी ओपीडी बंद है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अमित विश्वकर्मा, शिवकुमार शर्मा, विकास राजपूत, आमिर सुहेल, कौशलेंद्र चौहान, विपिन कुमार आदि ने सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बहाल करने की मांग की है।
सीएचसी-पीएचसी पर बंद नहीं होगी ओपीडी
सीएमओ डा. विजय कुमार गोयल ने बताया कि अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्साधीक्षकों को पत्र जारी कर ओपीडी जारी रखने के लिए निर्देशित कर रखा है। इसके बावजूद पीएचसी, सीएचसी, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी चालू नहीं है तो वहां पर शुरू कराई जाएगी।