सत्र लगाने को मिली महज ढाई हजार वैक्सीन
बिजनौर। शनिवार को टीकाकरण सत्र संचालित करने के लिए जनपद में शुक्रवार को मात्र ढाई हजार वैक्सीन ही मिलीं। इतनी कम वैक्सीन से ही शनिवार को विभिन्न बूथों पर कोरोनारोधी टीकाकरण किया जाएगा। इससे पूर्व बुधवार को मुख्यालय से लगभग 15 हजार डोज की आपूर्ति की गई थी।
कोरोना की तीसरी लहर की चपेट में आने से बचने के लिए लोग अब तेजी से अपना कोरोनारोधी टीकाकरण करा रहे हैं। इसके बावजूद पर्याप्त संख्या में वैक्सीन नहीं मिल पा रही हैं। अफसरों की मानें तो डिमांड करने के बाद सप्ताह में तीन या चार दिन ही वैक्सीन मिलती हैं, उपलब्धता के आधार पर केवल रविवार को छोड़कर प्रतिदिन टीकाकरण सत्र संचालित किए जाते हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार ने बताया कि 15 जुलाई तक जनपद में कुल छह लाख 89 हजार 572 लोगों को प्रतिरक्षित किया गया है। इनमें प्रथम डोज से प्रतिरक्षित होने वालों में पांच लाख 80 हजार 872 और दूसरी खुराक से प्रतिरक्षित होने वालों में एक लाख 87 हजार लोग शामिल हैं। कुल प्रतिरक्षित संख्या में 18 से 44 साल तक के दो लाख 16 हजार 843 और 45 से 60 वर्ष की आयु वाले दो लाख 60 हजार 423 तथा 60 साल से ऊपर वाले एक लाख 62 हजार 608 वृद्ध सम्मिलित हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपनी बारी आने पर स्वयं को सुरक्षा का टीका आवश्यक रूप से लगवाने की अपील की है, जिससे कोरोना की तीसरी लहर की चपेट में आने की संभावना से बचा जा सके।