बिजनौर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों की लॉकडाउन में रोजाना हाजिरी व्हाट्सएप वीडियो कॉलिंग से लगेगी। शासन ने छात्रों की आनलाइन पढ़ाई समेत 10 सूत्रीय प्रोग्राम जारी कर दिया है। विद्यालयों को 20 अप्रैल से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करना अनिवार्य है।
डिप्टी सीएम तथा माध्यमिक शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा ने 15 अप्रैल की शाम वीडियो कांफ्रेंसिग से जिला प्रशासन को लॉकडाउन में छात्रों की पढ़ाई के बारे में निर्देश दिए हैं। कहा कि लॉकडाउन अवधि में शिक्षक व कर्मचारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर वीडियो कॉलिंग से हाजिरी लगाई जाए। प्रधानाचार्य प्रात: आठ बजे से दोपहर दो बजे तक की कक्षावार टाइम टेबल बनाएं। विषय अध्यापक एनसीईआरटी वेबसाइट, दीक्षा एप तथा यूट्यूब से नोट्स तैयार करके पढ़ाएं। विद्यालयों को ऑनलाइन पढाई की तैयारी पूरी होने की जानकारी 18 अप्रैल शाम पांच बजे तक डीआईओएजस दफ्तर को देनी है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि शासन के 10 सूत्रीय प्रोग्राम के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की है। प्रधानाचार्य शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क करें। ऑनलाइन पढ़ाई की विषयवार जानकारी रोजाना डीआईओएस दफ्तर को देनी है।