- मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, अपहरण में प्रयुक्त कार कब्जे में ली गई
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा। क्षेत्र की स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने फिरोज को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी कब्जे में ले लिया है। मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी राकिब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं।
छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि गांव निवासी राकिब ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका मानसिक एवं शारीरिक शोषण किया। आरोपी लगातार उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाता था और इन्कार करने पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देता था।
वह आरोपी के फोन कॉल का जवाब नहीं देती थी तो उसके भाई और पिता की हत्या कराने की धमकी अन्य लोगों के माध्यम से दिलवाई जाती थी, जिससे वह लगातार भय और दबाव में रही। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 15 मई को कांठ जाते समय आरोपी राकिब ने अपने साथी फिरोज की मदद से उसे जबरन कार में बैठा लिया। आरोप है कि दोनों उसे उमरी स्थित एक होटल में ले गए, जहां राकिब ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने वीडियो क्लिप भी बना ली और उसे आधार बनाकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। मामले में पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और न्यायालय में उसके बयान भी दर्ज कराए गए।
आरोपी युवक के विरुद्ध दुष्कर्म, अपहरण और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथी युवक को गिरफ्तार कर उसकी गाड़ी कब्जे में ली गई है। पीड़िता की मेडिकल जांच एवं न्यायालय में बयान की कार्रवाई पूरी कराई गई है। पुलिस टीमें मुख्य आरोपी की तलाश में लगी हैं। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अंजनी कुमार चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी धामपुर