शेरकोट। नगर में एक ब्रांडेड कंपनी के नकली ब्रश बनाने के मामले में पुलिस ने संचालक इलियास को गिरफ्तार किया है। बता दें कि कानपुर की एक ब्रश कंपनी के नाम से नकली ब्रश बनाने की शिकायत पर रविवार शाम पुलिस ने कंपनी अधिकारियों के साथ नगर के मोहल्ला खुराड़ा स्थित एक ब्रश कारखाने में छापा मारा था। छापेमारी में कंपनी के ब्रश के नाम से डाई, फरमे और तैयार ब्रश भी बरामद किए गए थे।
अमर ब्रश कंपनी के अधिवक्ता विकास सूद ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधियों को उनकी कंपनी के नाम से बाजार में नकली ब्रश बेचने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद कंपनी की टीम ने पुलिस के साथ खुराड़ा स्थित एक कंपनी में छापा मारा। मौके पर अमर ब्रश कंपनी के नाम से डाई, फरमे और तैयार ब्रश भी बरामद किए गए। पुलिस ने नकली ब्रश तैयार करने वाली कंपनी के संचालक को गिरफ्तार कर कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।