प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
बिजनौर। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांगने में लगे रहे। तरह-तरह के प्रलोभनों से वोटरों को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। किसी ने विकास का दावा किया तो कोई आखिरी दिन भी दावतों के जरिये चुनाव मैदान फतह करने में लगा रहा। चुनाव में अब एक-एक वोटर पर मतदाता नजर रखेंगे।
जिले में 19 अप्रैल को चुनाव है। जिला पंचायत सदस्य के लिए 857, ग्राम प्रधान पद के लिए सात हजार 570, बीडीसी सदस्य पद के लिए पांच हजार 428 तथा ग्राम पंचायत सदस्य के लिए नौ हजार 134 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के लिए शनिवार को आखिरी दिन था। शाम पांच बजे नियम के अनुसार चुनाव प्रचार खत्म हो गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रचार का सबसे अधिक जोर जिला पंचायत सदस्य पद के लिए रहा। सभी प्रत्याशियों के समर्थक और राजनीतिक दलों के नेता भी प्रचार में पूरी ताकत से उतरे रहे।
ग्राम प्रधान और बीडीसी पद के दावेदार चुनाव में प्रचार के आखिरी दिन भी दावतों के ही भरोसे रहे। प्रत्याशियों ने वोटरों को खिलाने पिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रचार खत्म होने के बाद अब सभी प्रत्याशी यह देखेंगे कि कहां उनकी स्थिति मजबूत है और कहां कमजोर है। इस हिसाब से ही आखिरी दिन प्रत्याशी अपने आखिरी दांव चलाएंगे। चुनाव के एक दिन पहले तक भी वोटरों की नब्ज टटोलने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। वोटरों का नब्ज टटोलने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। प्रत्याशी अपने परिवार की महिलाओं को भी महिला वोटर के बीच रिझाने के लिए भेज रहे हैं।