बिजनौर में डीएफओ कार्यालय पर भाकियू अराजनैतिक के धरने को संबोधित करते जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही।
बिजनौर। भाकियू अराजनैतिक के बैनर तले डीएफओ कार्यालय पर चल रहा किसानों का आंदोलन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर संगठन की जिला कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 सितंबर को बिजनौर व नजीबाबाद में डीएफओ कार्यालय पर पशुओं को बांध देंगे।
धरने पर जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने कहा कि यदि वन विभाग के अधिकारी गुलदार की समस्या से निजात नहीं दिलवाते हैं तो जिले का जनमानस रोजाना पशुओं के साथ प्रदर्शन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक तारीख निश्चित कर बड़ी महापंचायत वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जगाने के लिए की जाएगी। कहा कि नजीबाबाद डिविजन के तीन रेंजर छुट्टी पर भेज दिए गए हैं, जबकि बिजनौर में वन विभाग के कर्मचारियों की पहले से ही कमी चल रही है। धरने पर अतुल बालियान, समरपाल सिंह, तेजवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, वीर सिंह, लोकेंद्र सिंह, उत्तम सिंह, राकेश प्रधान, नीतू कुमार, गौरव जंघाला, दुष्यंत राणा, अजय कुमार चौहान, मुकुल त्यागी आदि रहे।