चतरपुर में संदिग्ध हालात में झुलसने से वृद्ध की मौत
अफजलगढ़। गांव चतरपुर में 90 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने भांजे पर ही जलाकर मारने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
भूतपुरी के गांव चतरपुर निवासी रघुनाथ सिंह 90 वर्ष पुत्र जिराज सिंह शनिवार को अपने शेरकोट निवासी भांजे तेजपाल सिंह के साथ एक ही कमरे में सोया था। रविवार सुबह करीब 4 बजे कमरे से चीख पुकार की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने वृद्ध को गंभीर रूप से झुलसी हालत में देखा। परिजनों ने चिकित्सक को बुलाया, मगर तब तक वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र सुरेश कुमार व उसकी भाभी ज्ञानकी देवी ने उनके साथ कमरे में ही सो रहे मृतक के भांजे तेजपाल निवासी मोहल्ला नोधना थाना शेरकोट पर अपने मामा को जलाकर मारने का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि तेजपाल अपनी पत्नी बाला देवी के साथ एक दिन पहले अपने मामा मृतक रघुनाथ सिंह के घर आया था और वह तांत्रिक विद्या करता रहता है। परिजनों के अनुसार तांत्रिक विद्या के चलते ही उसने उन्हें जलाकर मार दिया है। घटना के बाद भांजा लापता है।
परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर एसपी पूर्वी ओमकार सिंह, सीओ सुनीता दहिया तथा कार्यवाहक प्रभारी दिनेश शर्मा पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। इस संबंध में कार्यवाहक प्रभारी दिनेश शर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या बिजली के हीटर से आग लगने से घटना होनी प्रतीत हो रही है। परिजन जिस पर आरोप लगा रहे हैं, वह फरार है। तहरीर के आधार पर घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अफ़जलगढ़ के गांव चतरपुर में विलाप करते मृतक के परिजन।- फोटो : BIJNOR