बिजनौर में डाक टिकटों पर महापुरुषों के बने चित्र तो आपने देखें होंगे, लेकिन अब किसी का भी फोटो डाक टिकट पर छप सकता है। जी हां यह सच है। डाक विभाग ने इसके लिए माई स्टैंप योजना शुरू की है। इसके लिए कोई भी डाकघर में संपर्क करना होगा और इसके बाद उसका सपना साकार हो जाएगा।
डाक विभाग की माई स्टैंप योजना से अंतर्गत अब कोई भी डाक टिकट पर अपना फोटो छपवाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। फोटो छपवाने वाले को प्रधान कार्यालय से माई स्टैंप आर्डर फार्म लेना होगा और उसे भरकर जमा करना होगा। फिर वह भी डाक टिकट पर अपना फोटो छपवा सकते हैं और उन टिकटों को चिट्ठी पर इस्तेमाल कर सकते हैं।
माई स्टैंप आर्डर फार्म जमा करने के साथ फोटो छपवाने वाले को तीन सौ रुपये व एक आईडी व फोटो भी जमा करना होगा। इसमें पांच रुपये वाले 12 फोटो लगे टिकट दिए जाएंगे व शुल्क के तौर पर उनको 240 रुपये की रसीद दी जाएगी।
माई स्टैंप योजना फार्म जमा करने के एक सप्ताह के भीतर वह अपने फोटो लगे डाक टिकट प्रधान कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। यह टिकट मेरठ, बरेली व सहारनपुर से छपवाकर मंगाए जाते हैं। अभी बिजनौर में इनको छापने वाली मशीन उपलब्ध नहीं है। डाक विभाग ने यह योजना ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए शुरू की है। इससे एक बार फिर लोगों का सुझान पत्रों की ओर बढ़ेगा।
तीन थीम में छपेंगे टिकट पर फोटो
फोटो छपे टिकटों पर तीन तरह की थीम है। इसमें तितली, ताजमहल व ज्योतिष की थीम है। जो काफी आकर्षक थीम है, और बेहद पसंद की जा रही है।
सपनों का साकार करने वाली है योजना
डाक अधीक्षक वीर सिंह ने बताया कि माई स्टैंप योजना आमजन के सपनों का साकार करने वाली योजना है। इस योजना के अंतर्गत आप डाक टिकट पर अपना फोटो छपवा सकते हैं। इस योजना से तीन सौ रुपये में पांच रुपये वाले 12 टिकट मिलेंगे, जो वह इस्तेमाल कर सकते हैं।