किशोरी के साथ हुई छेड़खानी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किया था प्रदर्शन
बाजार बंद कराने और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में दर्ज की गई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। छेड़छाड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन में पुलिस की ओर से 70 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बाजार को बंद कराने का प्रयास किया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो अभद्रता कर धक्कामुक्की की गई।
नगर निवासी किशोरी के साथ हुई छेड़खानी के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट कायम कर नामजद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की थी। पुलिस कार्यशैली से असंतुष्ट होकर हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने बृहस्पतिवार की शाम शहीद भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन किया था। बाजार में दुकानों को बंद कराना शुरू कर दिया था।
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धक्कामुक्की की गई। पुलिस कार्य में बाधा डाली। पुलिस की ओर से इस मामले में तीन लोगों को नामजद कर 70 के खिलाफ के रिपोर्ट कायम कराई गई है। शहर इंचार्ज संजय यादव की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में नमन जैन, आशीष कुमार और सम्राट अग्रवाल को नामजद किया गया है।
पुलिस की ओर से जबरन प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांचकर आरोपियों पर कार्रवाई होगी। - धर्म सिंह मार्छाल, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी