बिजनौर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरण यादव ने मान्यता के मानक पूरे नहीं करने तथा मान्यता से उच्च स्तर की कक्षाएं संचालित करने पर हल्दौर ब्लॉक के चार स्कूलों को नोटिस जारी किया है।
बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने श्रीराम कृष्ण मेमोरियल प्राथमिक स्कूल गंज, चौधरी महताब सिंह त्यागी प्राथमिक-उच्च प्राथमिक विद्यालय गंज, किसान जूनियर हाईस्कूल जहानाबाद तथा गोस्वामी विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल गंज का निरीक्षण किया। बीएसए ने बताया कि निरीक्षण के दौरान इन विद्यालयों में मान्यता के मानक पूरे नहीं मिले। विद्यालय भवन मान्यता के मानकों को पूरा नहीं करते थे तथा मान्यता से उच्च कक्षाओं का भी संचालन होता मिला। बीएसए ने चारों विद्यालयों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने तथा मान्यता से उच्च कक्षाओं को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर जुर्माना लगाने तथा रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।