बिजनौर। जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया ने टीम के साथ बुधवार को धामपुर तहसील के अफजलगढ़ क्षेत्र में उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चार दुकानों के अभिलेख अपूर्ण मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए। निरीक्षण के दौरान दो दुकानदार प्रतिष्ठान बंद कर भाग गए। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इन दोनों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।
जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया ने बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा उर्वरक उपलब्ध हैं। किसानों को उनकी तत्कालीन आवश्यकतानुसार ही फास्फेटिक उर्वरकों, विशेषकर यूरिया, डीएपी, एनपीके, उर्वरक का वितरण निर्धारित दर पर किया जा रहा है। खरीफ सीजन 2025-26 (अप्रैल से सितंबर) तक के यूरिया के लक्ष्य 103241.00 मीट्रिक टन के सापेक्ष 83421.00 मीट्रिक टन का वितरण हुआ। 9376.00 मीट्रिक टन अवशेष उपलब्ध है।
डीएपी के लक्ष्य 14717.00 मीट्रिक टन के सापेक्ष 11910.00 मीट्रिक टन का वितरण एवं 4264.00 मीट्रिक टन अवशेष उपलब्ध है। एनपीके के लक्ष्य 3230.00 मीट्रिक टन के सापेक्ष 1847.00 मीट्रिक टन का वितरण एवं 932.00 मीट्रिक टन अवशेष उपलब्ध है।