बगैर नक्शा पास कराए भवन निर्माण पर नोटिस
धामपुर। विनियमित क्षेत्र के अधिकारियों ने छह ऐसे लोगों को नोटिस जारी किए हैं, जो विनियमित क्षेत्र से बगैर नक्शा पास कराए भवनों का निर्माण कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बगैर परमिशन के मकानों का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। जारी नोटिसों में एक सप्ताह के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
एसडीएम धीरेंद्र सिंह और विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता ने बताया कि मोहल्ला खातियान निवासी पीयूष अग्रवाल पुत्र जगदीश प्रसाद डॉ. कृष्णा के पास भवन का निर्माण कर रहे हैं। लेकिन इन्होंने नक्शा पास नहीं कराया है। गांव अलावलपुर निवासी टीकम सिंह पुत्र मनोहर सिंह आरएसएम कॉलेज के सामने भवन का निर्माण बगैर नक्शे के कर रहे हैं। सेंटमेरी स्कूल के निकट रहने वाले राजवीर सिंह पुत्र जय सिंह भी सेंटमेरी के पास ही अपना मकान बगैर नक्शा पास कराए बनवा रहे हैं। शेरकोट निवासी वसीम भी लक्ष्मी नगर में बगैर नक्शे के मकान का निर्माण कर रहे हैं। जो विनियमित क्षेत्र के नियमों का उल्लंघन है।
अधिकारियों ने बताया कि धामपुर नगर में कई अवैध कॉलोनियां कट रही है। इस बाबत कॉलोनाइजरों को नोटिस भी जारी किया गया है। लेकिन अधिकांश के द्वारा अभी तक जवाब नहीं दिया जा सका है। इन कालोनाइजरों में नूरपुर मार्ग स्थित ठकरी सिंह, आरएसएम कॉलेज के पीछे कॉलोनी काट रहे धामपुर हुसैनपुर निवासी मिश्री सिंह, सुरजीत सिंह, अजमल खान और आसिफ खान ईदगाह के पास अवैध तौर पर कॉलोनी काट रहे हैं।