नहीं मिल रही ऑक्सीजन, मरीज परेशान
धामपुर (बिजनौर)। नगर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बदहाल है। सरकारी अस्पतालों में न तो बेड हैं और न ही मरीजों का परीक्षण किया जा रहा है। बीमार लोगों की जान को बचाने के लिए ऑक्सीजन भी नहीं मिल रही है। दिन निकलते ही तीमारदारों की गैस डिपो के बाहर लंबी लाइन लग जाती है। लेकिन उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिल रही है।
गांव जैतरा निवासी आयुष कुमार का कहना है कि उनकी चाची की हालत खराब है। डाक्टरों का कहना है कि इन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। वह दो दिन से सिलिंडर उठाए घूम रहे हैं। लेकिन गैस नहीं मिल रही है। मोहल्ला बाड़वान निवासी अमित त्यागी का कहना है कि उनकी सास कोरोना संक्रमित हैं। जब सरकारी अस्पतालों में बेड नहीं मिला तो निजी स्तर पर ही उपचार कराना पड़ा। अब उनकी हालत ज्यादा नाजुक हो गई है। उन्हें जिंदा रखने के लिए ऑक्सीजन नहीं मिल रही है। नौरंगाबाद निवासी अरुण कुमार का कहना है कि उनकी मां की हालत खराब है। ऑक्सीजन के लिए उन्होंने अधिकारियों से संस्तुति भी करा ली। लेकिन धामपुर, नगीना, स्योहारा में प्रयास के बाद भी गैस नहीं मिली।
वार्ता तो की है, कब सुधार होगा, कहना मुश्किल: गिरीशचंद्र सांसद, नगीना
नगीना लोकसभा क्षेत्र के बसपा सांसद का कहना है कि वे स्वयं 23 अप्रैल से कोरोना संक्रमित हैं। खुद को आइसोलेट करने के बाद भी जनता की सेवा में लगे हैं। उन्होंने कोरोना महामारी से निपटने और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए अपनी सांसद निधि से पिछले वर्ष पांच करोड़ रुपये और इस वर्ष पांच करोड़ रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में दिए हैं। प्रत्येक महीने 60,000 रुपये भी अपने वेतन से दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अमित कुमार से मंगलवार को वार्ता की। जल्द ही सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक सप्ताह में चालूू होगा सौ बेड का अस्पताल : अशोक राणा, विधायक
धामपुर विधान सभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अशोक राणा का कहना है कि विभाग के अधिकारी सरकार की छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे है। ऐसे अधिकारियों को चिह्नित किया जा रहा है। सीएम को भी इस बाबत अवगत करा दिया गया है। धामपुर में बने सौ बेड के अस्पताल को एल-टू की मंजूरी मिल गई है। एक सप्ताह में अस्पताल के चालू होने की पूरी उम्मीद है।
प्रभारी मंत्री को सब कुछ बता दिया है : महेंद्र धनौरिया
एलडीबी मुरादाबाद के डायरेक्टर महेंद्र धनौरिया का कहना है कि उनके द्वारा स्वास्थ्य विभाग की बदहाली के बाबत प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल को बता दिया गया है। पार्टी हाईकमान को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही सीएम को इस पूरे प्रकरण के बारे में बता कर समस्या का निदान कराया जाएगा।