नजीबाबाद में मौअज्जमपुर से चंदक के बीच स्लीपर बदलने के अभियान से नॉन स्टॉप कुंभ एक्सप्रेस ट्रेन लगभग पौने दो घंटा नजीबाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। नजीबाबाद से ट्रेन में अतिरिक्त डीजल इंजन लगाना पड़ा।
नजीबाबाद से लक्सर के बीच अपलाइन के स्लीपर बदलने का अभियान चलाया जा रहा है। हावड़ा से हरिद्वार जा रही कुंभ एक्सप्रेस ट्रेन का नजीबाबाद में स्टॉपेज न होने के बावजूद ट्रेन को पौने दो घंटे रोका गया। अपलाइन पर स्लीपर बदलने के कारण ट्रेन के इलैक्ट्रिक इंजन के साथ लाइन चेंज करने के लिए कोटद्वार पैसेंजर ट्रेन की डीजल पावर लगानी पड़ी। डीजल पावर के साथ ट्रेन हरिद्वार के लिए रवाना की गई।
इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अपलाइन पर स्लीपर बदलने के काम के चलते पिछले लगभग दो सप्ताह से प्रात: 11 बजे से शाम छह बजे तक ब्लॉक लेकर अप एवं डाउन दिशा की रेलों का संचालन इस दौरान डाउन लाइन से किया जा रहा है। जिससे नॉन स्टॉप ट्रेनों सहित कई पैसेंजर गाड़ियों को आसपास के स्टेशनों पर रुकना पड़ रहा है।