भुगतान न करने वाली मिलों पर होगी कार्रवाई
धामपुर। मुरादाबाद मंडल के उप गन्ना आयुक्त अमर सिंह ने कहा कि सख्ती के बाद भी मंडल की तीन चीनी मिलों ने पुराने साल का बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया है। इन चीनी मिलों पर कार्रवाई करने की पूरी तैयारी की जा रही है। इनमें बिजनौर की चांदपुर और बिलाई, जिला रामपुर की बिलासपुर चीनी मिल शामिल है। इस मौके पर गन्ना विभाग के अधिकारियों को घटतौली रोकने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने वार्ता में कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत महिलाओं को गन्ना विभाग से जोड़कर उन्हें रोजगार दिलाया जा रहा है। विभाग की ओर से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से गन्ना विभाग की ओर से गन्ने की विभिन्न नई प्रजातियों की सिंगल बड चिप के माध्यम से नर्सरी तैयार कराई जा रही है। सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य मिशन को जो संचालित किया गया है उसके पीछे केवल यही मंशा है कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अधिक से अधिक रोजगार से जोड़ा जाए। उपायुक्त ने कहा कि मुरादाबाद मंडल की तीन चीनी मिलों को छोड़कर बाकी सभी चीनी मिलों ने पुराने साल के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही ये चीनी मिल पुराने बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कर देंगी। उप गन्ना आयुक्त ने विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गन्ना सेंटरों और चीनी मिल गेट पर घटतौली रोकने के लिए अभियान चलाते रहें।