350 दिव्यांगों को बांटी जाएंगी ट्राई साइकिल और अन्य उपकरण
नजीबाबाद। जिला प्रशासन द्वारा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर के सहयोग से चिह्नित जिले के 350 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल सहित कृत्रिम अंगों का वितरण किया जाएगा। नजीबाबाद के आरएन केला इंटर कालेज में 19 को 104 दिव्यांग लाभार्थियों को वितरित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन के निर्देशन में नवंबर माह में चिह्नित किए गए जनपद के 350 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, बैसाखी व अन्य उपकरण वितरण 18 जनवरी से शुरू होगा। जनसेवा केंद्र और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर ने दिव्यांगों को उपकरण वितरण की तैयारियां शुरू कर दीं हैं। कानपुर से आए निगम के सहायक प्रबंधक शिवकुमार अग्रवाल, पीएनडो ऑफिसर वती जमीर, अमित त्रिवेदी ने रविवार को आचार्य आरएन केला इंटर कालेज में पहुंचकर 19 जनवरी को उपकरण वितरण की तैयारियों की समीक्षा की। सहायक प्रबंधक ने बताया कि 19 को नजीबाबाद में नवंबर माह में ऑनलाइन चयनित किए गए 104 लाभार्थियों में 71 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, नौ को व्हील चेयर, 88 दिव्यांगों को बैसाखी तथा अन्य उपकरण वितरित किए जाएंगे। इससे पूर्व 18 जनवरी को धामपुर में 103 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल व अन्य उपकरण का वितरण किया जाएगा। 20 जनवरी को बिजनौर के विकास भवन में 30 लाभार्थियों को और 21 जनवरी को नूरपुर में 89 दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल आदि उपकरण दिए जाएंगे।