सहकारी ग्राम विकास बैंक चुनाव के लिए नामजदगी 26 को
बिजनौर। उप्र सहकारी ग्राम विकास बैंक के शाखा प्रातिनिधियों के चुनाव के लिए नामजदगी 26 अगस्त को होगी। इस बार चुनाव में पिछले चुनाव के मुकाबले कम वोटर होंगे।
जिले में सहकारी ग्राम विकास बैंक की बिजनौर, हल्दौर, चांदपुर, नूरपुर, धामपुर, अफजलगढ़, नगीना व नजीबाबाद में शाखा है। बैंकों से शाखा प्रतिनिधि चुने जाते है। मंडल पर शाखा प्रतिनिधि डायरेक्टर चुनते है। इसके बाद राज्यस्तर पर डायरेक्टर चेयरमैन चुनते हैं। शाखा प्रतिनिधि चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन हो गया है। 25 अगस्त को वोटर की फाइनल सूची बैंकों पर चस्पा हो जाएगी। इसके बाद 26 अगस्त को नामजदगी है। जिला सहकारिता चुनाव कार्यालय के अनुसार नामांकन की व्यवस्था की जा रही है। चुनाव में 26759 किसान मतदाता भाग लेंगे। वर्ष 2014 के चुनाव में 27662 मतदाता थे। इस प्रकार इस बार करीब एक हजार वोटर कम हैं। हल्दौर बैंक को छोड़कर सभी बैंक में वोटर की संख्या कम हुई है। मतदान एक सितंबर को है। सभी शाखा में निर्वाचन तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त हो गए हैं। बताया गया कि वर्ष 2014 के चुनाव में धामपुर, नगीना, नजीबाबाद तथा अफजलगढ़ के शाखा प्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए थे। उधर सहकारिता चुनाव कार्यालय के अपर सांख्यिकी अधिकारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि शाखा प्रतिनिधि के चुनाव में सीटों पर आरक्षण व्यवस्था लागू नहीं है। नामांकन की तैयारी हो रही है।