नजीबाबाद में उत्तराखंड से मौसम की जानकारी के लिए पैराशूट के माध्यम से छोड़ा गया मौसम संबंधी यंत्र नजीबाबाद के गांव पूरनपुरगढ़ी क्षेत्र में गिरने से हड़कंप मच गया।
नजीबाबाद की आबादी से जुड़े गांव पूरनपुरगढ़ी क्षेत्र में कुटिया वाले बाग के निकट एक पेड़ पर उपकरण लटका होने तथा उसमें आवाज आने से हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय ग्राम प्रधान भोले एवं ग्रामीणों ने उपकरण को संदिग्ध मानते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाने से पहुंचे दरोगा शैलेंद्र सिंह ने उपकरण को पेड़ से उतारकर जांच की। उपकरण पर आर्यभट्ट प्रेक्षण शोध संस्थान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, भारत सरकार, मनोरा चौक, नैनीताल द्वारा छोड़ा गया परीक्षण उपकरण लिखा होने से ग्रामीणों एवं पुलिस ने राहत की सांस ली।उत्तराखंड मौसम वेदशाला की ओर से मौसम संबंधी जानकारी के लिए उपकरण को पैराशूट के माध्यम से छोड़ा गया था। उपकरण पर स्पष्ट लिखा है कि यंत्र पूरी तरह सुरक्षित एवं मौसम की जानकारी से संबंधित है। यंत्र पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।