नजीबाबाद रोडवेज पर बिना मास्क घूम रहे यात्री।
- फोटो : NAZIBABAD
अब नहीं दिख रहा कोरोना संक्रमण का खौफ
नजीबाबाद। कोरोना संक्रमण का खौफ लोगों में कम होता जा रहा है। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर लोग बिना मास्क घूम रहे हैं।
कोरोना संक्रमण से बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने और बड़ी जनहानि के बावजूद लोग संक्रमण से बचाव के प्रति लापरवाह होते जा रहे हैं। ट्रेनों में सफर करने वाले और स्टेशन प्लेटफार्म पर गिने-चुने यात्री नजर आ रहे हैं। इनमें से अधिकांश यात्री बिना मास्क के सफर करते देखे जा रहे हैं।
वाहनों में सीटों की क्षमता से अधिक यात्री सामाजिक दूरी की परवाह किए बिना और मास्क लगाए बिना धड़ल्ले से सफर कर रहे हैं। शासन की गाइडलाइन की न तो यात्रियों को परवाह है और न ही वाहन संचालकों को। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों, ई-रिक्शाओं में भी बिना मास्क और सामाजिक दूरी के लोग आवागमन में व्यस्त हैं। सरकारी कर्मचारियों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों सहित लगभग हर कामकाजी मास्क लगाने से बच रहा है। यदि यही स्थिति बनी रहती है तो वह दिन दूर नहीं जब एक बार फिर से संक्रमण के कहर में लोग घिर सकते हैं।