उत्तर पुस्तिकाएं बदलने का नहीं हो सकेगा खेल
बिजनौर। अब यूपी बोर्ड परीक्षा में कापियां बदलने का खेल नहीं हो सकेगा। परीक्षा में हर छात्र को दी जाने वाली कापी का क्रमांक निश्चित होगा। केंद्रों को आवंटित होने वाली कापियां डबल लॉक में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखी जाएंगी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं फरवरी में हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार शासन को परीक्षा में छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं बदलने की शिकायत मिलती रही है। आरोप है कापियां परीक्षा केंद्रों पर बदली जाती है। शिक्षा माफिया केंद्र व्यवस्थापकों से हमसाज होकर कापियां बदलने का खेल करते हैं। आरोप है कि मेधावी छात्रों की कापियों के अनुक्रमांक वाले कवर बदलकर दूसरे छात्र की कापियों पर लगा दिए जाते हैं। शासन ने कापियां बदलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उत्तर पुस्तिकाओं अर्थात कापियों के आवंटन से लेकर परीक्षा बाद संकलन केंद्र में जमा होने तक की प्रक्रिया में कई बड़े बदलाव किए हैं। इस बाबत गाइड लाइंस डीआईओएस को भेजी हैं। जिले के परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक सोमवार को जीजीआईसी बिजनौर में हुई है। बैठक में शासन से उत्तर पुस्तिकाओं के बारे में मिले निर्देशों की जानकारी दी गई है।
डीआईओएस प्रतिनिधि निशांत कुमार यादव ने बताया कि परिषद से आने वाली ब्लैंक कापियां जिला मुख्यालय पर सीसीटीवी कैमरों में गणना करके रखी जाएंगी। परीक्षा केंद्रों को परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार कापियां मिलेंगी। परीक्षा केंद्रों पर कापियां डबल लॉक में कैमरों की निगरानी में रखी जाएंगी। डीआईओएस द्वारा गठित टीम मौका मुआयना करेंगी। कमी मिलने पर सीधे केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई होगी। संकलन केंद्र पर परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाएं कैमरों की निगाह में रहेंगी। संकलन केंद्र पर द्विस्तरीय पुलिस व्यवस्था होगी। बैठक में डीआईओएस राजेश कुमार समेत सभी केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
कॉपी क्रमांक सीरीज नहीं होगी ब्रेक
डीआईओएस प्रतिनिधि निशांत यादव के अनुसार परीक्षा में छात्रों को दी जाने वाली हर कापी का अलग-अलग निश्चित क्रमांक है। कक्ष निरीक्षक क्रमांक के अनुसार बढ़ते क्रम में छात्रों को कापियों का वितरण करेगा। क्रमांक की सीरीज ब्रेक नहीं होगी। परीक्षार्थी को उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पृष्ठ पर कापी का क्रमांक तथा अपना अनुक्रमांक लिखना है। कक्ष निरीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि छात्रों ने क्रमांक व अनुक्रमांक हर पेज पर लिखा है या नहीं। कक्ष निरीक्षक को अलग से लिस्ट बनानी है जिस पर किस छात्र को किस क्रमांक की कापी दी गई है वह छात्र के अनुक्रमांक के सामने लिखेगा। लिस्ट बोर्ड को भेजी जाएगी। फिर बोर्ड इस सूची को मूल्यांकन केंद्र को भेजेगा। अस्पष्ट क्रमांक वाली कापी छात्र को नहीं दी जाएगी।