-गंगा स्नान के चलते उठाया गया कदम, आज दोपहर बाद तक लागू रहेगी डायवर्जन की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए विदुर कुटी, गंगा बैराज और बालावाली में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को जाम से बचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सोमवार रात 10 बजे से लागू होने वाला यह डायवर्जन मंगलवार को गंगा स्नान समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
बिजनौर में अलग - अलग जगहों के गंगा घाट पर मेला लगा हुआ है। ऐसे में सड़कों पर श्रद्धालुओं के वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। जिसके चलते यातायात का दबाव बढ़ना तय है। खासकर बिजनौर से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाला गंगा बैराज मार्ग काफी संकरा है। सामान्य दिनों में भी इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने अंतरजनपदीय स्तर पर भारी वाहनों के लिए प्रतिबंध लागू किया है।
मुरादाबाद से आने वाले भारी वाहनों की नो एंट्री
मुरादाबाद से मुजफ्फरनगर, हरिद्वार (रुड़की), लक्सर और बालावाली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बिजनौर जिले में प्रवेश नहीं मिलेगा। मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बिजनौर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
हरिद्वार, रुड़की और लक्सर से भी नहीं आ सकेंगे वाहन
हरिद्वार (रुड़की), लक्सर और बालावाली की ओर से आने वाले भारी वाहन बिजनौर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। बिजनौर से इन मार्गों की ओर भी भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
अमरोहा से मुजफ्फरनगर-हरिद्वार जाने पर पाबंदी
अमरोहा से मुजफ्फरनगर, हरिद्वार (रुड़की), लक्सर और बालावाली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बिजनौर में प्रवेश नहीं मिलेगा। बिजनौर से अमरोहा की ओर भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।
ऊधमसिंह नगर और पौड़ी से आने वाले वाहनों पर प्रतिबंध
ऊधमसिंह नगर और पौड़ी की ओर से मुजफ्फरनगर, हरिद्वार (रुड़की), लक्सर, बालावाली और अमरोहा की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को बिजनौर में प्रवेश नहीं मिलेगा।