जलीलपुर। गंगा किनारे तटबंध की मांग को लेकर ग्रामीण 14 दिन से धरना दे रहें हैं। गांव नारनौर के निकट धरने पर सैकड़ों ग्रामीण बैठे हैं। धरना स्थल पर तटबंध नहीं तो वोट नहीं का बैनर लगाया है।
जलीलपुर के खादर क्षेत्र में बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ने पर फसलों में पानी घुस जाता है। लंबे समय तक पानी भरा रहने पर फसलें नष्ट हो जाती हैं। ज्यादा पानी आने पर कई गांवों की आबादी में भी पानी घुस जाता है। बाढ़ के समय गांववासियों का जीवन मुश्किल हो जाता है। लंबे समय तक पानी रहने से फसलें नष्ट हो जाती हैं। प्रभावित गांववासी लंबे समय से गंगा पर तटबंध बनवाने की मांग कर रहे हैं।
बरसात के इस सीजन में गंगा का पानी खेतों, रास्तों व आबादी में तीन बार घुस चुका है। गांववासियों ने बाढ़ की रोकथाम के लिए गंगा किनारे तटबंध की मांग को लेकर गांव नारनौर में 20 अगस्त से धरना दिया हुआ है। धरना स्थल पर तटबंध नहीं तो वोट नहीं का बड़ा सा बैनर लगा है। बुधवार को अध्यक्षता किशोरी सिंह ने व संचालन संदीप कौशिक ने किया। निखिल त्यागी, गुलाब सिंह, सर्वजीत सिंह, स्वर्ण सिंह, गजब सिंह, शेर सिंह, ईश्वर दयाल फौजी, करम सिंह, ओमप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।