वित्तविहीन शिक्षकों के धरने में नहीं जुटी भीड़
बिजनौर। कोरोना संक्रमण काल के समय लगाई गई धारा 144 के बीच डीआईओएस कार्यालय पर बिना अनुमति माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा का धरने में भीड़ नहीं जुटी। प्रदेश अध्यक्ष व निर्वतमान शिक्षक विधायक संजय कुमार मिश्र व बाकी शिक्षकों को भी पुलिस ने हटा दिया। बाद में प्रदेश अध्यक्ष ने डीआईओएस राजेश कुमार को ज्ञापन दिया। उन्होंने सितंबर के पहले सप्ताह में शिक्षकों की मांगों को लेकर बाइक यात्रा शुरू करने की बात कही।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने व राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए डीएम ने 15 सितंबर तक जिले में धारा 144 लगाई है। इस अवधि में धरना प्रदर्शन नहीं किया जा सकता है। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय पर धरना देने का एलान किया था। प्रदेश अध्यक्ष व निर्वतमान शिक्षक विधायक संजय कुमार मिश्र भी धरना देने डीआईओएस कार्यालय पर पहुंच गए। धरने में मुश्किल से दो दर्जन शिक्षक ही जुटे तो संजय कुमार मिश्र अंदर जाकर बैठ गए। इस बीच पहुंची पुलिस ने अनुमति न होने की बात कहते हुए धरने के लिए रखीं कुर्सियां उठवा दीं। पुलिस की मौजूदगी के चलते धरना नहीं दिया गया। बाद में शिक्षकों ने डीआईओएस को शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन दिया, जिसमें शिक्षकों को कोविड 19 के समय का वेतन दिलाने व मासिक आपदा राशि 15 हजार रुपये दिलाने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष दिनेश धनकड़, गणेश ठाकुर, रेणु मिश्रा, ओमकार सिंह, रोहित कुमार, प्रेम चौहार, योगेंद्रपाल सिंह, पवन कुमार, हरिओम शर्मा आदि मौजूद रहे।