तीसरी बार फिर नहीं मिला कोई कोरोना संक्रमित
बिजनौर। बुधवार को फिर से जिले में एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। इससे पहले 19 और 22 जनवरी को एक भी संक्रमित नहीं मिला था। बुधवार को 683 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आईं।
सीएमओ विजय यादव के अनुसार जिले में सबसे पहला संक्रमित मरीज 13 अप्रैल को स्योहारा थाने के गांव मेवा नवादा में मिला था। इसी गांव का रहने वाला यह युवा जमाती अपने गांव और आसपास के गांवों में दूध खरीदने और बेचने का काम करता था। यह सात अप्रैल को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन मरकज में हुई जलसे में शामिल होकर अपने गांव लौटा था। बुधवार को फिर से जनपद में तीसरी बार एक भी संक्रमित नहीं मिले। सीएमओ ने बताया कि अब तक जिले से कुल तीन लाख एक हजार 69 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से कुल तीन लाख नौ हजार 361 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें 4390 लोग संक्रमित और करीब तीन लाख चार हजार 971 की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है।