बिजनौर। जिले के निजी स्कूलों और कॉलेजों में बिना नियमित उपस्थिति के प्रवेश देने की व्यवस्था पर अब पूरी तरह रोक लगेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डीके सक्सेना ने सभी निजी शिक्षण संस्थानों को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नो अटेंडेंस वाले विद्यार्थियों को प्रवेश न दिया जाए।
यदि निरीक्षण या शिकायत के दौरान ऐसे विद्यार्थी पाए गए तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार, जिले के कई विद्यालयों में विद्यार्थी केवल नामांकन कराकर आगे की पढ़ाई या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों एवं राज्यों में चले जाते हैं। इनमें तकनीकी, चिकित्सा और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की तैयारी करने वाले छात्र भी शामिल हैं।
इसके बावजूद कुछ विद्यालय उनसे पूरी फीस लेकर केवल कागजी दाखिला बनाए रखते हैं, जिससे स्कूलों में विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति प्रभावित होती है। अब विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित रहना अनिवार्य होगा, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।