नहटौर। विभिन्न मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद कार्यालय पर सफाईकर्मियों का धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान अधिशासी अधिकारी और सफाईकर्मियों के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही तथा दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक भी हुई।
धरने पर बैठे सफाईकर्मियों ने वेतन कटौती, वेतन सूची उपलब्ध कराने तथा कार्यालय में तैनात सफाईकर्मियों से नियमित सफाई कार्य कराए जाने सहित अन्य मांगों को दोहराते हुए उनका शीघ्र समाधान कराने की मांग की। कर्मचारियों का आरोप था कि उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
वार्ता के दौरान ईओ ने सफाईकर्मियों पर शासनादेश का उल्लंघन करते हुए धरना-प्रदर्शन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से निर्धारित नियमों का पालन किया जाना आवश्यक है और कर्मचारियों को अपनी समस्याएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत रखनी चाहिए। वहीं सफाईकर्मियों ने ईओ पर जातीय भेदभाव के आधार पर ड्यूटी निर्धारित करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है और उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। इस आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
हालांकि देर शाम तक किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। इसके चलते सफाईकर्मियों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। मामले को लेकर पालिका प्रशासन और कर्मचारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है। प्रदर्शन में अर्जुन कुमार, गुड्डू, मुकुल, मोनू, भरत, दीपराज, राहुल, नितिन, विकास, गौरव, आकाश, प्रमोद, अमित आदि उपस्थित रहे।