11 नहीं, अब चार स्थानों पर होगा टीकाकरण
बिजनौर। जिले में 11 की बजाय अब चार स्थानों पर कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण की शुरुआत की जाएगी। टीकाकरण की शुरुआत के सत्रों में जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना और स्योहारा को शामिल किया गया है। इससे पूर्व टीकाकरण सत्र के लिए जिला अस्पताल सहित कुल 11 स्थानों का चयन किया गया था। इस सूची से केवल धामपुर और नूरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही बाहर थे। टीका लगवाने वाले व्यक्ति को मोबाइल फोन पर मेसेज भेजकर सूचित किया जाएगा।
शासन के निर्देश पर जिले में 16 जनवरी को टीकाकरण की शुरुआत होगी। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना और स्योहारा में टीकाकरण सत्र का शुभारंभ होगा। इससे पूर्व जिले में कुल 11 स्थानों पर टीकाकरण सत्र की शुरुआत होनी थी, लेकिन अब शासन ने इसमें बदलाव करते हुए अब केवल चार सत्र ही रखने की अनुमति दी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार के अनुसार पहले पूरे प्रदेश में लगभग 852 स्थानों पर कोवैक्सीन का सत्र शुरू होना था। मगर अब 311 स्थानों पर ही टीकाकरण किया जाएगा। जनपद में इसकी शुरुआत जिला अस्पताल, महिला अस्पताल नगीना और स्योहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से होगी। एक स्थान पर 100 लोगों का टीकाकरण होगा। इससे पूर्व उन्हें मोबाइल पर मेसेज भेजकर सूचित किया जाएगा। इन स्थानों पर टीकाकरण की शुरुआत जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय, सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव जिला अस्पताल में सुबह दस बजे से करेंगे। अब नई व्यवस्था के आधार पर ही टीकाकरण होगा।